देहरादून। भाजपा केदारनगर मंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक विनोद चमोली ने पौधा लगाकर किया। पौधारोपण कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। लोगों ने खाली पड़े स्थान पर विभिन्न प्रजातियों के छायादार, फलदार व शोभाकार पौधे रोपित किए।
कार्यक्रम में विधायक विनोद चमोली ने कार्यकर्ताओं व स्थानीय लोगों को विभिन्न प्रजातियों के पौधे वितरित किए। विधायक श्री चमोली ने लोगों को लगाए गए पौधों की रक्षा करने की शपथ भी दिलाई। विधायक ने कहा कि जो पौधे लगाए जाते हैं उनकी रक्षा करना भी हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को पौधारोपण करना चाहिए। पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण जरूरी है। कार्यकर्ताओं द्वारा टिहरी नगर में सतेश्वर महादेव मंदिर परिसर में पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष सरकार लिंगवाल और पार्टी के तमाम पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।