देहरादून। उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून के कोतवाली डालनवाला क्षेत्र में अलग-अलग बैंकों के एटीएम से 5.61 लाख रुपए से ज्यादा की अवैध निकासी का मामला सामने आया है। साइबर सेल की जांच में करनपुर, ईसी रोड, राजपुर रोड, दर्शन लाल चौक, सर्कुलर रोड और 5जी क्रॉस रोड स्थित एटीएम से रकम निकाले जाने की जानकारी मिली है। मामले में करनपुर चौकी प्रभारी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साइबर सेल की पड़ताल में सामने आया कि आरोपियों ने किसी एक एटीएम को निशाना नहीं बनाया। उन्होंने अलग-अलग इलाकों में लगे अलग-अलग बैंकों के एटीएम से कई किस्तों में रकम निकाली। कुल छह बैंक के इन सभी एटीएम से कुल 5,61,256.53 रुपए की निकाली बताई जा रही है।
साइबर सेल की रिपोर्ट मिलने के बाद करनपुर चौकी प्रभारी ने संबंधित एटीएम और घटनास्थलों की जांच की गई। पुलिस ने सभी संबंधित एटीएम की जानकारी जुटाकर वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर रकम निकालने वाले संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि अलग-अलग एटीएम से निकासी करने के पीछे कौन लोग शामिल हैं। रकम किस तरीके से निकाली गई। उपनिरीक्षक विक्की टम्टा ने बताया है कि एटीएम से म्यूल अकाउंट से पैसों की निकासी की गई है। म्यूल अकाउंट वह बैंक खाता होता है, जिसका उपयोग साइबर अपराधी या जालसाज अवैध या ठगी से प्राप्त धन को प्राप्त करने और आगे ट्रांसफर करने के लिए करते हैं। कोतवाली डालनवाला प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया है कि उपनिरीक्षक विक्की टम्टा की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
साइबर ठगों ने 6 बैंकों के एटीएम से निकाले लाखों रुपए,अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज