देहरादून। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ़ इंडिया के प्रदेश कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने उपनल कर्मियों के नियमितीकरण मामले में जल्द कोर्ट के आदेशों को लागू करने की मांग की। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा यदि मामले में जल्द निर्णय नहीं लिया तो उपनल कर्मियों के समर्थन में पार्टी सड़क पर उतरकर आर-पार की लड़ाई लड़ेगी।
रिपब्लिकन पार्टी ऑफ़ इंडिया (आठवले) के प्रदेश अध्यक्ष सेठपाल सिंह ने कहा कि उपनल कर्मी 18-20 वर्षों से प्रदेश के विभिन्न विभागों में अल्प वेतन के साथ अपना योगदान दे रहे हैं। उपनल कर्मी नियमित कर्मचारियों की भांति मेहनत से कार्य कर रहा है, लेकिन उनकी वेतन परिवार के भरण पोषण के लिए नाकाफी है। उन्होंने सरकार पर उपनल कर्मियों के साथ छलावा करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में उत्तराखंड हाई कोर्ट ने उपनल कर्मियों के पक्ष में अपना फैसला सुनाया था। इस फैसले के खिलाफ सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी दायर की जो 15 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट ने भी खारिज कर दी। सरकार से आश्वासन मिलने के बाद भी आज उपनल कर्मी खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया ने सरकार से उपनल कर्मियों के पक्ष में हाईकोर्ट के आदेश लागू करने की मांग की। प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा यदि उपनल कर्मियों के नियमितीकरण मामले में जल्द निर्णय नहीं लिया तो पार्टी सड़कों पर उतरकर आर-पार की लड़ाई लड़ेगी। बैठक के दौरान प्रदेश सचिव सन्दीप कुमार, प्रभारी गढ़वाल मंडल सरवन कुमार, राजनितिक सहलाकार अंकुश, मनीष रोयला, सचिन कुमार, मनीष, जिला अध्यक्ष जयवीर सिंह, कोषाध्यक्ष हेमन्त चौधर, विनोद, पंकज शर्मा आदि मौजूद रहे।