कार पार्किंग विवाद में युवक की जमकर पिटाई

रुद्रपुर। जिले के किच्छा क्षेत्र में कार पार्किंग को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि एक युवक के साथ पहले गाली-गलौज की गई और बाद में उसे ऑफिस से बाहर बुलाकर 15 से 20 लोगों ने लात-घूंसों से मारपीट की। पीड़ित ने डायल 112 पर सूचना देने के साथ ही कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात भी सामने आई है।
किच्छा नगर के वार्ड नंबर 11, एसएस नगर निवासी अरुण शर्मा ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि वह किच्छा स्थित एक ऑफिस में कार्यरत हैं। 26 फरवरी को दोपहर वह अपने मालिक की कार को आवास विकास गेट के पास पार्क करने पहुंचा था, उसी दौरान वहां पहले से मौजूद एक युवक, जिसका नाम फरद बताया गया है, ने कार पार्किंग को लेकर आपत्ति जताई।
पीड़ित के अनुसार, फरद ने बिना बात के गाली-गलौज शुरू कर दी और अभद्र व्यवहार किया। उस समय अरुण शर्मा ने विवाद को बढ़ाने के बजाय उसे नजरअंदाज करते हुए कार पार्क की और वापस अपने कार्यालय लौट आया। लेकिन कुछ समय बाद स्थिति ने गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि फरद ने अपने भाई फैसल और अन्य साथियों जिनमें सारिन तुर्क, शकील तुर्क, मोनू, रहीस मौलाना, बिलाल समेत 15 से 20 अज्ञात लोगों को फोन कर मौके पर बुला लिया।
तहरीर के मुताबिक, सभी लोग पीड़ित के ऑफिस के बाहर इकट्ठा हो गए और दोबारा गाली-गलौज करने लगे। उन्होंने अरुण शर्मा को ऑफिस से बाहर आने के लिए उकसाया। जब वह बाहर आया तो आरोपियों ने उसके बाल पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और लात-घूंसों से बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान ऑफिस के अन्य कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ भी हाथापाई की।
पीड़ित ने बताया कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद उन्होंने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किच्छा में मेडिकल परीक्षण कराया। चिकित्सकीय जांच में सिर और शरीर पर चोटों की पुष्टि हुई है। पीड़ित का यह भी कहना है कि पूरी घटना ऑफिस के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जो पुलिस जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हो सकती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

Related posts

Leave a Comment