दून हस्तशिल्प बाजार में सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों की रही धूम

देहरादून। हर्षल फाउंडेशन द्वारा आयोजित “दून हस्तशिल्प बाजार” में रविवार को विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर कैंट विधायक सविता कपूर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं और बच्चों को आगे बढ़ने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 10 बजे ड्राइंग प्रतियोगिता से हुई, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर रीना अग्रवाल, मीना गर्ग एवं डॉ. बिंदु छाबड़ा बतौर अतिथि उपस्थित रहीं और उन्होंने बच्चों की रचनात्मकता की सराहना की।
इसके बाद 11 बजे मेहंदी एवं फेस आर्ट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें दिव्या बंसल और मेघना प्रेम ने जज की भूमिका निभाते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतिभागियों की कला और सृजनात्मकता ने सभी का मन मोह लिया। दोपहर 12 बजे “नारी वंदन अधिनियम” विषय पर एक संगोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें रुचि भट्ट, विनय रोहेला, श्याम अग्रवाल, गीता राम गौर, अशोक वर्मा, अनिल गोयल और बलवंत भट्ट सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने अपने विचार साझा किए। वक्ताओं ने महिलाओं के अधिकारों, समान अवसर और सामाजिक भागीदारी पर जोर देते हुए कहा कि नारी सशक्तिकरण देश के विकास की आधारशिला है।
दोपहर बाद 3 बजे आयोजित साड़ी में महिलाओं का फैशन शो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा, जिसमें सविता कपूर, विनोद उनियाल, प्रिया खुराना, कोमल और अल्का तिवारी ने भाग लेते हुए अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को प्रभावित किया। इस दौरान महिलाओं के आत्मविश्वास और प्रतिभा की झलक देखने को मिली। शाम 5 बजे बच्चों की नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें सरस्वती, हरप्रीत, ममता गोयल और कविता बिष्ट ने जज के रूप में अपनी भूमिका निभाई। बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया। कार्यक्रम का समापन शाम 7.30 बजे ओपन माइक के साथ हुआ, जहां प्रतिभागियों ने कविता, गायन और अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, रचनात्मकता और सामाजिक जागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिला, जिसने “दून हस्तशिल्प बाजार” को एक सफल और यादगार आयोजन बना दिया।

Related posts

Leave a Comment