मसूरी। सेंट जॉर्ज कॉलेज, मसूरी में आयोजित ब्रदर जीपी गैनन फुटबाल प्रतियोगिता 2026 का समापन फाइनल मुकाबले के रोमांचक मुकाबले से हुआ। जिसमें फाइनल मुकाबला सेंट जार्ज कोलज व वाइनबर्ग स्कूल के बीच खेला गया। जिसमें सेेट जार्ज ने वाइनबर्ग एलन को 2-0 से हराकर खिताब कब्जाया। पांच दिवसीय फुटबाल प्रतियोगिता में आठ प्रमुख स्कूलों जिसमें सीजेएम हेम्प्टनकोट, ओक ग्रोव स्कूल, मसूरी, वाइनबर्ग एलन स्कूल मसूरी, निर्मला इंटर कॉलेज, सेंट जॉर्ज कॉलेज मसूरी, कसिगा स्कूल, देहरादून, सेंट पैट्रिक्स अकादमी देहरादून तथा सेंट जोसेफ्स अकादमी, देहरादून ने भाग लिया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। टूर्नामेंट के अंतिम दिन दो रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए, जिसके बाद बहुप्रतीक्षित फाइनल मैच ने दर्शकों को अंतिम सीटी तक रोमांचित बनाए रखा। पहले सेमीफाइनल में सेंट जॉर्ज कॉलेज मसूरी ने ओक ग्रोव स्कूल, मसूरी को 2-1 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। सेंट जॉर्ज कॉलेज की ओर से त्सेवांग ने 22वें मिनट में पहला गोल किया, जबकि शाश्वत ने 46वें मिनट में निर्णायक गोल दागा।
ओक ग्रोव स्कूल के लिए अभ्यानंद पंडित ने 10वें मिनट में एकमात्र गोल किया। दूसरे सेमीफाइनल में वाइनबर्ग एलन स्कूल मसूरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कसिगा स्कूल, देहरादून को 4-0 से हराकर फाइनल में स्थान सुनिश्चित किया। टीम की ओर से अंश मित्तल (10वाँ मिनट), तेनजिन लेगदेन (32वाँ मिनट), आरव सिंह (43वाँ मिनट) तथा मानन जैन (51वाँ मिनट) ने गोल किए। फाइनल मुकाबला सेंट जॉर्ज कॉलेज, मसूरी और वाइनबर्ग एलन स्कूल, मसूरी के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों ने उच्चस्तरीय फुटबॉल का प्रदर्शन किया। सेंट जॉर्ज कॉलेज ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 2-0 से विजय प्राप्त कर प्रतिष्ठित ट्रॉफी अपने नाम की। कार्तिक ने मैच के 5वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई, जबकि हीयाइखोम्बा ने 48वें मिनट में दूसरा गोल कर जीत सुनिश्चित की। समापन समारोह के मुख्य अतिथि रेव. ब्रदर अल्फोंस तिर्की, प्रधानाचार्य, निर्मला इंटर कॉलेज, मसूरी रहे। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागी विद्यालयों की खेल भावना, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक उत्साह की सराहना की। अपने संबोधन में उन्होंने युवा खिलाड़ियों को मैदान के भीतर और बाहर उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि वास्तविक सफलता केवल ट्रॉफी जीतने में नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, टीम भावना, धैर्य और प्रतिद्वंद्वियों के प्रति सम्मान विकसित करने में निहित है। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए सेंट जॉर्ज कॉलेज की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता युवा फुटबॉल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट मंच प्रदान करती है। इस अवसर पर ब्रदर जेयसीलन एस., प्रधानाचार्य, सेंट जॉर्ज कॉलेजय ब्रदर ब्रिट्टो, सुपीरियर एवं खेल सचिवय ब्रदर सिल्वेनस केरकेट्टा, उप-प्रधानाचार्य, तथा ब्रदर लॉरेंस कुजूर, सहायक खेल सचिव भी उपस्थित रहे। पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सेंट जॉर्ज कॉलेज, मसूरी के अभ्युदय को ब्रदर जी. पी. गैनन सॉकर टूर्नामेंट 2026 का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया। टूर्नामेंट के अंतिम दिन के मुकाबलों का सफल संचालन निर्णायक पुष्कर सिंह, मिलन छेत्री एवं सतीश कुलाश्री ने निष्पक्ष एवं पेशेवर ढंग से किया। टूर्नामेंट का समापन भव्य पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ, जिसमें विजेता एवं उपविजेता टीमों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
सेेट जार्ज ने वाइनबर्ग एलन को 2-0 से हराकर खिताब कब्जाया