सेल्फी लेने के चक्कर में पत्नी और बेटी के सामने बहा पर्यटक, तलाश जारी

ऋषिकेश। शनिवार देर शाम गंगा किनारे सेल्फी के चक्कर में अपनी पत्नी और बेटी के सामने गाजियाबाद का एक पर्यटक गंगा मे बह गया। जिसकी तलाश में रविवार को भी गंगा तलाशी अभियान जारी रहा।
पुलिस के अनुसार 6 जून को गाजियाबाद और फरीदाबाद से दो दोस्तों के परिवार उत्तराखंड घूमने आए थे। दोनों परिवार कौड़ियाला के एक होटल में ठहरे हुए थे। शाम के वक्त मौसम खुशनुमा था, तो दोनों परिवार होटल के नीचे गंगा घाट के किनारे टहलने और तस्वीरें खींचने चले गए। जब पूरा परिवार गंगा की लहरों को बैकग्राउंड में रखकर परफेक्ट सेल्फी लेने की कोशिश कर रहा था, तभी अचानक गाजियाबाद निवासी 43 वर्षीय आशीष जैन का पैर फिसल गया। गंगा का वेग इतना तेज था कि संभलने का मौका तक नहीं मिला और आशीष देखते ही देखते उफनती गंगा की लहरों में खो गए। होटल के स्टाफ उपेंद्र राणा ने बताया कि हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को कुछ समझ ही नहीं आया। चीख-पुकार मचने के बाद तुरंत आपातकालीन नंबर 112 के जरिए पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस चैकी बछेलीखाल से भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एसडीआरएफ को बुलाया गया। अंधेरा होने के बावजूद एसडीआरएफ की टीम ने बिना वक्त गंवाए गंगा नदी में राफ्ट उतारी और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। चैकी प्रभारी दीपक लिंगवाल बताया कि, पुलिस और रेस्क्यू टीमें लगातार नदी के बहाव की दिशा में सर्चिंग कर रही है। घटना की जानकारी गाजियाबाद में बूढ़े मां-बाप को दे दी गई है। परिजन ऋषिकेश के लिए निकल चुके हैं। आशीष जैन गाजियाबाद के कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं।

Related posts

Leave a Comment